केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सीबीआई ने दिनांक 25.08.2025 को दिल्ली पुलिस के आरोपी हेड कांस्टेबल (एचसी), थाना अशोक विहार, दिल्ली और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप है कि एक उप निरीक्षक (एसआई) और आरोपी हेड कांस्टेबल ने शिकायतकर्ता से उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज न करने के लिए 3 लाख रुपये की मांग की थी।
बातचीत के बाद, आरोपी हेड कांस्टेबल ने शिकायतकर्ता के खिलाफ उसकी लंबित शिकायत को बंद करने के लिए 2 लाख रुपये की रिश्वत लेने पर सहमति जताई। आरोपी हेड कांस्टेबल ने शिकायतकर्ता को दिनांक 25.08.2025 को ही 1 लाख रुपये का आंशिक भुगतान करने का निर्देश दिया।
सीबीआई ने दिनांक 25.08.2025 को जाल बिछाया और आरोपी हेड कांस्टेबल को शिकायतकर्ता से आंशिक भुगतान के रूप में एक लाख रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। उपरोक्त आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
इस मामले में आगे की जाँच जारी है।
भ्रष्ट लोक सेवकों के विरुद्ध केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की सख्त कार्रवाई भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के प्रति उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है। जो नागरिक भ्रष्टाचार का सामना करते हैं या जिनसे सरकारी अधिकारियों द्वारा रिश्वत की माँग की जाती है, उन्हें ऐसे मामलों की सूचना देने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। वे अपनी शिकायत दर्ज कराने या कोई भी प्रासंगिक जानकारी साझा करने के लिए सीबीआई कार्यालय, एसीबी, दिल्ली, प्रथम तल, सीबीआई भवन, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड, नई दिल्ली में आ सकते हैं अथवा 011-24367887 और मोबाइल नंबर 9650394847 पर कॉल कर सकते हैं।

















