Press Releases

18-06-2025

सीबीआई ने 45 लाख रुपये के फर्जी बिलों के मामले में ओएनजीसी, जोरहाट के भूतपूर्व डीजीएम (एमएस) और संविदाधीन चिकित्सा अधिकारी तथा 8 निजी मेडिकल दुकानों के मालिकों के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिनांक 17.06.2025 को ओएनजीसी, जोरहाट के तत्कालीन डीजीएम (एमएस) और संविदाधीन चिकित्सा अधिकारी (व्यावसायिक स्वास्थ्य) तथा 8 निजी मेडिकल दुकानों के मालिकों सहित 10 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

इन आरोपियों पर आरोप है कि आरोपी लोक सेवकों ने 2019 से 2022 के दौरान निजी एम्पनेल्ड मेडिकल दुकानों के मालिकों और अज्ञात व्यक्तियों के साथ आपराधिक साजिश की। यह भी आरोप लगाया गया कि 8 एम्पनेल्ड मेडिकल दुकानों के मालिकों ने ओएनजीसी के लाभार्थियों और उनके आश्रितों की जानकारी के बिना दवाइयां जारी करने के लिए फर्जी मांग पर्चियों के आधार पर 45,00,000/- रुपये के झूठे और फर्जी बिल का दावा किया।

उपरोक्त सभी आरोपी व्यक्तियों के विभिन्न आवासीय परिसरों में तलाशी ली गई, जिसमें कुछ अपराध सिद्ध करने वाले दस्तावेज बरामद हुए।

मामले की जांच जारी है।

                                                                                                           *****