केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने परियोजना निदेशक, पीआईयू, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), वारंगल, तेलंगाना और एक निजी व्यक्ति को शिकायतकर्ता से 60,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सीबीआई ने दिनांक 19.08.2025 को परियोजना निदेशक, पीआईयू, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), वारंगल, तेलंगाना और एक निजी व्यक्ति के खिलाफ यह मामला दर्ज किया था। आरोप है कि आरोपियों ने गुडूर टोल प्लाजा – हैदराबाद-वारंगल राजमार्ग, बीबीनगर, तेलंगाना के पास राजमार्ग से एकदम नजदीक स्थित शिकायतकर्ता के रेस्टोरेंट के संचालन में कोई बाधा न डालने के लिए 1,00,000 रुपये का अनुचित लाभ मांगा था। अनुचित लाभ की मांग आरोपी निजी व्यक्ति के माध्यम से शुरू की गई थी।
बातचीत के बाद, आरोपी परियोजना निदेशक ने 60,000 रुपये लेने पर सहमति जताई और वादा किया कि परियोजना निदेशक, पीआईयू, एनएचएआई, वारंगल के रूप में उनके पाँच वर्ष के कार्यकाल के दौरान, शिकायतकर्ता को कोई समस्या नहीं होगी।
सीबीआई ने जाल बिछाया और दिनांक 19.08.2025 को दोनों आरोपियों को शिकायतकर्ता से 60,000 रुपये की अनुचित लाभ राशि की मांग और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
हैदराबाद, वारंगल और सदाशिवपेट, तेलंगाना में 3 स्थानों पर तलाशी ली गई और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए।
इस मामले की जाँच जारी है।

















